रमना में एनसीसी कैडेटों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, रमना, वाराणसी में आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत कैंप में एनसीसी कैडेटों को योगाभ्यास, साइबर अपराधों से बचाव और कचरा प्रबंधन की जानकारी दी गई। साइबर सुरक्षा अधिकारी दिनेश चन्द्र ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया, जबकि डॉ. राजीव प्रताप सिंह ने कचरे के दुष्प्रभाव और उचित प्रबंधन की जानकारी दी। कैंप कमांडेंट कर्नल सुखवीर पुनिया ने व्यक्तिगत डिजिटल सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।

वाराणसी। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, रमना, वाराणसी में आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत कैंप में एनसीसी कैडेटों को योगाभ्यास, साइबर सुरक्षा तथा कचरे के दुष्प्रभाव और प्रबंधन से संबंधित कक्षाओं के माध्यम से जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने कैडेटों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की जानकारी दी।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के साइबर सुरक्षा अधिकारी दिनेश चन्द्र ने कैडेटों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, हैकिंग, रैंसमवेयर, साइबर स्टॉकिंग, पहचान की चोरी और डिजिटल गिरफ्तारी जैसे मामलों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अनजान लोगों के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, सुरक्षित पासवर्ड का इस्तेमाल करने, साइबर हेल्पलाइन की मदद लेने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की सलाह दी।
वहीं, डॉ. राजीव प्रताप सिंह ने कचरे से होने वाले दुष्प्रभावों और उसके उचित प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कैडेटों को कचरे के सही निस्तारण और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के महत्व से अवगत कराया।
कैंप कमांडेंट कर्नल सुखवीर पुनिया ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने मोबाइल, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का प्रयोग करें, लेकिन आंखें बंद करके किसी पर विश्वास न करें।
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर निरंजन कुमार झा, कांस्टेबल विराट सिंह, सूबेदार मेजर जी.बी. थापा, मेजर लाल बिहारी प्रसाद, मेजर राजेन्द्र कुमार, कैप्टन सौम्या पाल, लेफ्टिनेंट रुचि वर्मा, सेकंड ऑफिसर ओम नारायण तिवारी, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, सेकंड ऑफिसर राम जी प्रसाद, सचिन यादव, सूबेदार चन्द्र शेखर यादव, सूबेदार परमजीत सिंह, सूबेदार लोकनाथ, सूबेदार संजय कुशवाहा, नायब सूबेदार मिलन थापा, हवलदार सुनील, हवलदार रितेश कुमार और हवलदार ओम गुरुंग सहित एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट उपस्थित रहे।