हाईस्कूल-इंटर के फॉर्म में गलती हो गई तो घबराएं नहीं, 12 नवंबर तक सुधार का मौका, सचिव ने जारी किया आदेश

यूपी बोर्ड 2027 में बैठने वाले लाखों हाईस्कूल और इंटर के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। अगर फॉर्म भरते समय नाम, विषय, फोटो, जाति या पिता के नाम में कोई गलती हो गई है, तो अब आपका साल खराब नहीं होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने सुधार के लिए पोर्टल खोल दिया है।

प्रयागराज। यूपी बोर्ड 2027 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अगर आपके फॉर्म में नाम, विषय, फोटो या कोई भी गलती हो गई है तो उसे अब सुधारा जा सकेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के सचिव ने इसको लेकर करेक्शन नोटिस जारी किया है।

क्या-क्या सुधरेगा ऑनलाइन?

परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 2 नवंबर से 12 नवंबर तक रात 12 बजे तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी। इस दौरान ये गलतियां ऑनलाइन सुधारी जा सकेंगी –

– विषय/वर्ग में गलती
– छात्र के नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग मिस्टेक
– जेंडर, जाति, माध्यम (हिन्दी/अंग्रेजी) में गलती
– फोटो में गलती
– कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल का गलत अनुक्रमांक

ये सुधार संबंधित प्रधानाचार्य को अपने स्कूल लॉगिन से करना होगा।

ये गलतियां होंगी ऑफलाइन

कुछ बड़े सुधार ऑफलाइन होंगे। इसके लिए प्रधानाचार्य को सभी कागजात के साथ *16 नवंबर 2026 तक* जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में आवेदन देना होगा।

– जन्मतिथि में संशोधन
– छात्र/माता/पिता का पूरा नाम बदलना
– छात्र का विवरण डिलीट/रिस्टोर करना

सचिव ने साफ कहा है कि तय समय के बाद सुधार का कोई मौका नहीं मिलेगा। इसलिए सभी प्रधानाचार्य समय से सुधार करा दें।