राष्ट्रीय इंटर कॉलेज कमालपुर की छात्रा पलक और सोनी ने जीते स्वर्ण पदक; लॉन्ग और हाई जंप में प्रथम, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों की बेटियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का स्वर्णिम परचम लहरा दिया। पलक और सोनी ने साबित कर दिया कि सपनों की उड़ान संसाधनों की मोहताज नहीं होती। प्रदेश में स्वर्णिम सफलता के बाद अब इन बेटियों की नजर राष्ट्रीय मंच पर चंदौली का गौरव बढ़ाने पर है।

कमालपुर (चंदौली)। किसान परिवार की दो बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और बुलंद हौसले से प्रदेश स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज कमालपुर की छात्रा पलक यादव और सोनी यादव ने प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। दोनों की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा पलक यादव ने अंडर-17 वर्ग की लॉन्ग जंप में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सोनी यादव ने हाई जंप में बाजी मारते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की।
बसगांवा गांव निवासी पलक किसान सुनील यादव की बेटी हैं, जबकि सोनी किसान सुभाष यादव की बेटी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली इन बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। पलक ने इससे पहले मंडलीय प्रतियोगिता की तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया था। वह दो वर्ष पूर्व रांची में आयोजित सब जूनियर प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं।
कोच दुर्गविजय सिंह और सुधीर यादव ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। खेल शिक्षक अशोक कुमार और प्रिया सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। प्रधानाचार्य रामदेव सोनकर ने कहा कि विद्यालय की दो छात्राओं का प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना गर्व की बात है। विद्यालय परिवार दोनों बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
इस उपलब्धि पर उप प्रधानाचार्य दुर्गविजय सिंह, खेल शिक्षक अशोक कुमार, राजेश सिंह, राकेश सिंह, अजीत सिंह, मधु सिंह, रामविलास पांडेय, मनीष सिंह, आशीष यादव, उमेश कुमार, अरविंद वर्मा, सावन, अर्चना मौर्य, सपना मिश्रा, गोलू दुबे, चिंटू और सुनील यादव सहित अन्य लोगों ने छात्राओं को बधाई दी।