एक ठिकाने पर कार्रवाई, बाकी पर चुप्पी क्यों? चंदौली में अवैध शराब और गांजे का कारोबार कब होगा बंद?

नवहीं में एक गिरफ्तारी पुलिस की कार्रवाई जरूर है, लेकिन अवैध शराब और गांजे के कारोबार पर प्रभावी रोक तभी लगेगी, जब क्षेत्र के सभी संदिग्ध ठिकानों की निष्पक्ष जांच हो और कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए। सवाल एक गिरफ्तारी का नहीं, पूरे क्षेत्र को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने का है।

चंदौली। चंदौली थाना क्षेत्र में अवैध शराब और गांजे की बिक्री को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नवहीं पुल के पास किराना दुकान से अवैध शराब बेचने वाले एक युवक की गिरफ्तारी के बाद सवाल है कि क्षेत्र में कथित रूप से सक्रिय अन्य ठिकानों पर कार्रवाई कब होगी? क्या पुलिस की कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित रहेगी या अवैध नशे के कारोबार से जुड़े बाकी ठिकानों तक भी पहुंचेगी?

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 की रात थाना चंदौली की टीम नवहीं क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रात 10 बजे सरकारी शराब का ठेका बंद होने के बाद नवहीं देशी शराब ठेके के बगल में स्थित किराना दुकान से ऊंचे दाम पर शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर मौजूद युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान पुनित सिंह पुत्र सुनील कुमार सिंह, निवासी मझवार, थाना व जिला चंदौली, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने दुकान के अंदर काउंटर के नीचे रखे गत्ते के कार्टून से ब्लू लाइम देशी शराब मसाला के 25 पाउच बरामद किए। प्रत्येक पाउच 200 मिलीलीटर का था। इसके अलावा फ्रीजर से हाइवर्ड्स 5000 बीयर की आठ केन भी मिलीं, जिनमें प्रत्येक की मात्रा 500 मिलीलीटर थी।

इस मामले में थाना चंदौली में मु0अ0सं0 530/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बाकी ठिकानों पर कार्रवाई का इंतजार

नवहीं में हुई गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में अवैध शराब और गांजे की बिक्री को लेकर उठ रही शिकायतों पर भी ध्यान देने की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर अन्य स्थानों पर भी इस तरह के कारोबार की चर्चाएं हैं। ऐसे में पुलिस के सामने चुनौती केवल एक विक्रेता को पकड़ने की नहीं, बल्कि अवैध नशे के कारोबार से जुड़े सभी संभावित ठिकानों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने की है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य (चौकी नवही), उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, कांस्टेबल धर्मराज, अभिषेक प्रजापति और अरविन्द कुमार-2 शामिल रहे।