शहाबगंज में डीह बाबा के पास तार काट रहे थे चोर, पुलिस ने दो युवकों समेत पांच को पकड़ा
रात के अंधेरे में बिजली के तार काटकर चोरी करने की कोशिश में दो युवकों की गिरफ्तारी और तीन बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आना गंभीर मामला है। बिजली के तारों की चोरी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित होती है। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की चुनौती एक बार फिर सामने आई है।

सांकेतिक फोटो
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खुर्द गांव में बिजली का तार चोरी करने पहुंचे पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। डीह बाबा स्थल के पास रात के अंधेरे में तार काट रहे दो युवकों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। मौके से चोरी का विद्युत तार और तार काटने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष शहाबगंज अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 10 नवंबर की रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम फत्तेपुर खुर्द स्थित डीह बाबा स्थल के पास कुछ लोग विद्युत तार चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
पकड़े गए युवकों की पहचान अनन्त कुमार पुत्र रामसकल (19 वर्ष) और अनिकेत पुत्र छांगूर (करीब 18 वर्ष), निवासी फत्तेपुर खुर्द, थाना शहाबगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का विद्युत तार, एक प्लास और एक आरी का ब्लेड बरामद किया है।
इस मामले में थाना शहाबगंज में मु0अ0सं0 143/2026 के तहत धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रभान, कांस्टेबल आशुतोष यादव, संदीप जायसवाल, अनुज पाण्डेय और संदीप वर्मा शामिल रहे।