सकलडीहा में लाखों खर्च कर चमकाया शौचालय, फिर भी लटका ताला; जनता को सुविधा कब?
टिमिलपुर का सामुदायिक शौचालय सरकारी व्यवस्था की ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है, जहां भवन की मरम्मत और रंगाई-पुताई तो करा दी गई, लेकिन जनता को सुविधा देने वाली सबसे जरूरी व्यवस्था ही नदारद है। सवाल यह है कि जब कर्मचारियों के अभाव में शौचालय खोलना ही संभव नहीं था, तो सुंदरीकरण पर सरकारी धन खर्च करने का औचित्य क्या है? सरकारी योजनाओं की सफलता दीवारों की चमक से नहीं, बल्कि जनता को मिलने वाली सुविधा से तय होती है।

सकलडीहा, चंदौली। सरकारी धन खर्च कर सामुदायिक शौचालय को चमका दिया गया, दीवारों पर रंग-रोगन भी करा दिया गया, लेकिन जनता के इस्तेमाल के लिए आज तक ताला नहीं खुल सका। सकलडीहा के टिमिलपुर स्थित सामुदायिक शौचालय की यह तस्वीर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने से शौचालय बंद पड़ा है। अब डाला छठ महापर्व नजदीक है और बाजार में आने वाले लोगों तथा व्यापारियों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने का इंतजार है।
सकलडीहा तहसील और ब्लॉक मुख्यालय होने के कारण यहां सार्वजनिक उपयोग के लिए टिमिलपुर और नागेपुर में दो बड़े सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। नागेपुर स्थित सामुदायिक शौचालय का संचालन हो रहा है, जबकि टिमिलपुर का शौचालय महीनों से बंद पड़ा था। मरम्मत और साफ-सफाई के अभाव में इसकी हालत जर्जर हो गई थी।
इधर, शासन की ओर से प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के बाद सामुदायिक शौचालयों और विद्यालयों के सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। इसी क्रम में सचिवों की ओर से टिमिलपुर स्थित सामुदायिक शौचालय की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराई गई। बाहर से देखने पर शौचालय की सूरत जरूर बदल गई, लेकिन अंदर संचालन की व्यवस्था अब भी अधूरी है। कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने से मरम्मत के बाद भी शौचालय पर ताला लटका हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि सरकारी धन से निर्माण, मरम्मत और सुंदरीकरण के नाम पर हजारों से लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन रखरखाव और संचालन की व्यवस्था नहीं होने से योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचता। लोगों का कहना है कि जब सार्वजनिक शौचालय का उपयोग ही नहीं हो पा रहा है तो उसके सुंदरीकरण पर खर्च किए गए धन का जनता को क्या लाभ मिला?
डाला छठ महापर्व को देखते हुए कस्बावासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्व से पहले सामुदायिक शौचालय का संचालन शुरू कराया जाए, ताकि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।