चंदौली में यातायात नियम तोड़ने पर 5568 वाहनों का चालान, 85.91 लाख का जुर्माना
सड़क पर नियमों की अनदेखी केवल यातायात कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालने जैसा है। चंदौली में नौ दिनों में 5568 चालान और 85.91 लाख रुपये का जुर्माना इस लापरवाही की गंभीर तस्वीर पेश करता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि 2109 लोग बिना हेलमेट और 941 वाहन चालक तेज रफ्तार में पकड़े गए। पुलिस की सख्ती जरूरी है, लेकिन सड़क सुरक्षा तभी सुनिश्चित होगी, जब हर वाहन चालक चालान के डर से नहीं, बल्कि जिंदगी की कीमत समझकर यातायात नियमों का पालन करेगा।

चंदौली। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नवंबर यातायात जागरूकता माह के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में महज नौ दिनों के भीतर 5568 वाहनों का चालान किया गया और कुल 85 लाख 91 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि सड़क पर सबसे ज्यादा लापरवाही बिना हेलमेट वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने में सामने आई। पुलिस ने जहां नियम तोड़ने वालों पर आर्थिक कार्रवाई की, वहीं दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम कर सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की भी पहल की है।
बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में एक नवंबर से नौ नवंबर 2026 तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव प्रथम और सुरेंद्र यादव द्वितीय के नेतृत्व में यातायात पुलिस तथा जनपदीय थाना पुलिस की टीमों ने जिले के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर सघन जांच की।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2109 लोगों का चालान किया गया। इन पर 21 लाख नौ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 941 लोगों पर 18 लाख 82 हजार रुपये तथा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 884 वाहन चालकों पर नौ लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने के 561 मामलों में 11 लाख 22 हजार रुपये की कार्रवाई हुई। गलत नंबर प्लेट वाले 89 वाहनों पर पांच लाख 20 हजार रुपये और बिना वैध फिटनेस के वाहन चलाने वाले 77 चालकों पर पांच लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिना वैध बीमा के वाहन चलाने वाले 164 लोगों पर चार लाख दो हजार रुपये की कार्रवाई की गई।
तीन सवारी और गलत दिशा में वाहन चलाने पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 270 वाहन चालकों का चालान करते हुए दो लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 190 लोगों पर एक लाख 30 हजार रुपये की कार्रवाई हुई। सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वाले 44 वाहन चालकों पर 44 हजार रुपये तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 39 लोगों पर 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले 19 लोगों पर 95 हजार रुपये और मांगने पर ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने वाले 56 वाहन चालकों पर 36 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अलावा बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 15, परमिट प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर 13, फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं दिखाने पर 18 तथा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर आठ मामलों में कार्रवाई की गई।
ध्वनि प्रदूषण के चार, मॉडिफाइड साइलेंसर के एक और रिफ्लेक्टर टेप नहीं होने के एक मामले में भी जुर्माना लगाया गया। वहीं, 16 वाहनों को सीज किया गया। अन्य श्रेणियों में भी 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए 49 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आईपी मॉल और रेलवे स्टेशन पर किया जागरूक
यातायात पुलिस ने चालान की कार्रवाई के साथ लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने मुगलसराय थाना क्षेत्र के आईपी मॉल और रेलवे स्टेशन पीडीडीयू नगर के पास आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
इस दौरान लोगों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की हिदायत दी गई। साथ ही ओवरलोडिंग से बचने और वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
ब्लैक स्पॉट पर लगाए रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस ने दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट पर भी सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए हैं। चकिया तिराहे पर रिफ्लेक्टर, हाजर्ड और साइन बोर्ड लगाए गए हैं। यहां स्पीड ब्रेकर के पास सफेद पट्टियां भी बनाई गई हैं। पड़ाव चौराहे पर भी स्पीड ब्रेकर के लिए सफेद पट्टियां लगाई गई हैं, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही सावधान किया जा सके।
वहीं, सुभाष पार्क और रविनगर मोड़ पर गल्ला मंडी के सामने बने अवैध कट को लोहे के बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त पड़ाव चौराहे से चकिया तिराहे और गोधना मोड़ तक सड़क प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया है। यह कार्य प्रचलित है।
वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर पट्टियां और सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें तथा धीरे चलें-सुरक्षित चलें जैसे संदेश वाले चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
पुलिस की सख्ती, अब वाहन चालकों की जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीमें लगातार प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हैं। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना और जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।
नौ दिनों में 5568 वाहनों का चालान और 85.91 लाख रुपये का जुर्माना यह बताने के लिए काफी है कि जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन की समस्या कितनी गंभीर है। अब जरूरत इस बात की है कि वाहन चालक भी अपनी जिम्मेदारी समझें। हेलमेट, सीट बेल्ट, नियंत्रित गति और यातायात नियमों का पालन किसी पुलिस कार्रवाई से बचने का तरीका नहीं, बल्कि सुरक्षित घर पहुंचने की सबसे बड़ी गारंटी है।