चालान नहीं, पहले सुरक्षा; सकलडीहा पुलिस ने बांटे 50 हेलमेट, हेलमेट जीवन का सुरक्षा कवच—भूपेंद्र निषाद

सड़क पर जिंदगी बचाना चालान काटने से कहीं अधिक जरूरी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंडित करने के साथ उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। सकलडीहा में 50 निःशुल्क हेलमेट वितरण की पहल ने यही संदेश दिया कि पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि हर परिवार को सड़क हादसों के दर्द से बचाना भी है।

सकलडीहा, चंदौली। सड़क पर तेज रफ्तार और थोड़ी सी लापरवाही किसी हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल जिंदगी और मौत के बीच सुरक्षा की मजबूत दीवार बन सकता है। इसी सोच के साथ चंदौली पुलिस ने यातायात माह के दौरान चालान की कार्रवाई से आगे बढ़कर लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। बुधवार को सकलडीहा कस्बे में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और 50 गुणवत्तापूर्ण हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा/यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा और सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने संयुक्त रूप से कमान संभाली। पुलिस टीम ने कस्बे में सघन चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट की अनिवार्यता समझाई। खास बात यह रही कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को केवल कार्रवाई का भय दिखाने के बजाय उनकी सुरक्षा के लिए हेलमेट उपलब्ध कराए गए।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने कहा कि हेलमेट महज एक उपकरण नहीं, बल्कि जीवन का सुरक्षा कवच है। सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगी चोट जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अपनी जिंदगी के साथ-साथ परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने जैसा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर पहनें।

वहीं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा/यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय सदैव मानक हेलमेट का प्रयोग करें और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं। निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा जल्दबाजी में खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग करने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना भी है।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया। पुलिस ने अभिभावकों से विशेष अपील की कि नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। कम उम्र में बिना प्रशिक्षण और वैध अनुमति के वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से शिविर, नुक्कड़ नाटक और चेकिंग अभियानों के जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में ऐसी जिम्मेदारी विकसित करना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

चंदौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों को औपचारिकता न समझें। सड़क पर निकलते समय अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखें। क्योंकि घर से निकला व्यक्ति सुरक्षित घर लौटे, यही सड़क सुरक्षा अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।

रिपोर्ट – रतन लाल