विवाद भुलाकर फिर एक हुए बिछड़े दंपती, बलुआ पुलिस ने फिर बसाया उजड़ा परिवार
अपराध पर अंकुश लगाने के साथ टूटते रिश्तों को बचाने की पहल भी पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करती है। बलुआ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत पारिवारिक विवाद में अलग हुए दंपती के बीच सुलह कराकर बिखरते परिवार को फिर से जोड़ने में सफलता हासिल की।

बलुआ, चंदौली। रिश्तों में आई कड़वाहट और आपसी विवाद के चलते अलग हुए एक दंपती के जीवन में बलुआ पुलिस की पहल से फिर खुशियां लौट आईं। थाना बलुआ के मिशन शक्ति केंद्र ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर पुरानी गलतफहमियां दूर कराईं। इसके बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से विवाद भुलाकर नए सिरे से साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही बिछड़े दंपतियों को मिलाने और पारिवारिक विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में एक महिला ने अपने पति और परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बलुआ के मिशन शक्ति केंद्र ने दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना देकर थाने पर बुलाया। यहां पुलिसकर्मियों ने पति-पत्नी और उनके परिजनों को पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास तथा रिश्तों में सम्मान के महत्व को समझाया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उनके बीच सुलह कराने का प्रयास किया गया।
पुलिस की समझाइश और लगातार प्रयास से दोनों पक्षों के बीच बनी दूरियां कम हुईं। पति-पत्नी ने अपनी पुरानी बातों और गलतियों को स्वीकार करते हुए आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का निर्णय लिया। दोनों ने बिना किसी जोर-दबाव के एक-दूसरे का सम्मान करते हुए नए सिरे से वैवाहिक जीवन बिताने पर सहमति जताई।
इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र ने टूटते रिश्ते को बचाते हुए दंपती को उनके परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर भेज दिया। बलुआ पुलिस की इस पहल से एक परिवार फिर से जुड़ गया और दंपती के जीवन में नई शुरुआत की उम्मीद जगी।
रिपोर्ट – रतन लाल