तू डाल-डाल, मैं पात-पात” की कहावत चरितार्थ कर रही शहाबगंज पुलिस, मजदूर के रुपये छीनकर भागने वाले दो आरोपियों को दबोचा

मजदूर की पसीने की कमाई छीनकर आरोपी भले ही फरार हो गए थे, लेकिन शहाबगंज पुलिस ने उनकी चालाकी पर अपनी रणनीति भारी कर दी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया और छीनी गई रकम में से दो हजार रुपये बरामद कर लिए। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि अपराध कर बच निकलने की कोशिश करने वालों तक कानून के हाथ पहुंच ही जाते हैं।

चंदौली। अपराधियों की चाल और पुलिस की घेराबंदी के बीच शहाबगंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाई है। मजदूरी का पैसा बांटकर घर लौट रहे व्यक्ति को रास्ते में मारपीट कर घायल करने और उसकी जेब से रुपये छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से छीनी गई रकम में से दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मामला शहाबगंज थाना क्षेत्र के केराडीह गांव का है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को गांव निवासी रंजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मजदूरी का पैसा बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद उनकी जेब में रखे रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए। मेहनत की कमाई छिनने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान के साथ शारीरिक चोट भी पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(2), 118(1), 110 और 309(4) में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी।

इसी क्रम में 10 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना पुलिस के लिए अहम साबित हुई। पुलिस टीम ने केराडीह गांव स्थित पीपल के पेड़ के पास घेराबंदी कर दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आलोक पुत्र राजेश उर्फ नटरू, उम्र करीब 18 वर्ष और मोनू पुत्र गुड्डू, उम्र करीब 21 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम केराडीह, थाना शहाबगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छीने गए रुपयों में से दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना कर दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल आशुतोष यादव, सोमेश कुमार और हरगोविन्द शामिल रहे।