वाराणसी जोन में दो घंटे में 34 हजार वाहनों की जांच, 12,767 चालान; 188 वाहन सीज, 22.85 लाख रुपये वसूले

महज दो घंटे में 34 हजार से अधिक वाहनों की जांच और 12,767 चालान यातायात नियमों की अनदेखी की गंभीर तस्वीर सामने रखते हैं। आंकड़े बताते हैं कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता के साथ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है। वाराणसी जोन पुलिस का यह अभियान नियम तोड़ने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर मनमानी अब भारी पड़ सकती है।

वाराणसी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर वाराणसी जोन पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। महज दो घंटे के विशेष अभियान में नौ जनपदों में 34,355 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट चलने पर 9,988 और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने पर 2,779 चालान किए गए। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 188 वाहन सीज किए गए और कुल 22,85,700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा के निर्देशन में 16 नवंबर 2026 को शाम चार बजे से छह बजे तक वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में एक साथ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालान के साथ नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों को सीज भी किया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

चंदौली में 10 वाहन सीज

जनपदवार कार्रवाई में चंदौली में 2,229 वाहनों की जांच की गई। यहां बिना हेलमेट 716 और तीन सवारी के 194 चालान काटे गए, जबकि 10 वाहन सीज किए गए। गाजीपुर में 2,932 वाहनों की जांच कर 520 बिना हेलमेट और 168 तीन सवारी के चालान किए गए तथा 24 वाहन सीज हुए। जौनपुर में 6,805 वाहनों की जांच के दौरान 2,714 बिना हेलमेट और 346 तीन सवारी के चालान काटे गए। यहां 52 वाहन सीज किए गए।

आजमगढ़ परिक्षेत्र में 16 हजार से अधिक वाहनों की जांच

आजमगढ़ में 9,151 वाहनों की जांच कर 2,309 बिना हेलमेट और 548 तीन सवारी के चालान किए गए। यहां 60 वाहन सीज हुए। मऊ में 4,687 वाहनों की जांच के दौरान 1,683 बिना हेलमेट और 437 तीन सवारी के चालान काटे गए तथा 18 वाहन सीज किए गए। बलिया में 2,730 वाहनों की जांच कर 640 बिना हेलमेट और 261 तीन सवारी के चालान किए गए। यहां नौ वाहन सीज हुए।

मीरजापुर में सर्वाधिक शमन शुल्क वसूली

मीरजापुर में 3,556 वाहनों की जांच के दौरान 936 बिना हेलमेट और 318 तीन सवारी के चालान काटे गए तथा 13 वाहन सीज किए गए। यहां सर्वाधिक 13,61,200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। सोनभद्र में 948 वाहनों की जांच कर 247 बिना हेलमेट और 87 तीन सवारी के चालान किए गए तथा दो वाहन सीज हुए। भदोही में 1,317 वाहनों की जांच के दौरान 223 बिना हेलमेट और 420 तीन सवारी के चालान काटे गए।

अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी जोन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें, तीन सवारी न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

रिपोर्ट – रतन लाल