अलीनगर इंडियन ऑयल डिपो के दरवाजे पर डीजल चोरी का खेल, 12 हजार लीटर तेल भरे टैंकर में सेंध

इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से महज 100 मीटर की दूरी पर टैंकर से डीजल चोरी का मामला सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गंभीर परीक्षा है। जिस टैंकर में हजारों लीटर ईंधन भरा था, उसी के चैंबर का लॉक तोड़कर तेल निकालने की कोशिश होना कई सवाल खड़े करता है। खास बात यह है कि संबंधित ट्रांसपोर्टर के यहां से कंपनी में 22 टैंकर संचालित होने की जानकारी सामने आई है। अब जांच का असली सवाल है कि यह चोरी महज एक घटना थी या इसके पीछे तेल की हेराफेरी का कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।

चंदौली। अलीनगर में इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से महज 100 मीटर की दूरी पर डीजल चोरी का खेल सामने आने से तेल परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 12 हजार लीटर ईंधन से भरे टैंकर का लॉक तोड़कर पाइप के जरिए डीजल निकाला जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी होते ही मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। मामले में टैंकर मालिक, चालक, खलासी समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले खड़े टैंकर संख्या यूपी 45 टी 3706 से डीजल चोरी की जा रही है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की तो वहां मौजूद लोग तेल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण छोड़कर भाग निकले।

जांच के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के चैंबर का लॉक टूटा मिला। ढक्कन खोलकर उसमें पाइप लगाया गया था और टैंकर से डीजल निकाला जा रहा था। टैंकर से तेल का रिसाव भी हो रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, 50-50 लीटर के दो भरे हुए गैलन, दो खाली गैलन, तीन बाल्टी, लोहे की कुप्पी, हथौड़ी, पंच मशीन, 50 पिन, दो पेचकश और करीब 28 फीट प्लास्टिक पाइप बरामद किया। टैंकर में लगभग 12 हजार लीटर डीजल/पेट्रोल भरा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, टैंकर के पंजीकृत मालिक की पहचान अलीनगर निवासी मोहम्मद यासिन पुत्र मुर्तजा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि घटनास्थल के पास ही उसका ट्रांसपोर्ट कार्यालय है और उसके यहां से इंडियन ऑयल कंपनी में 22 टैंकर संचालित होते हैं। मौके से फरार लोगों की पहचान चंद्रमा चौहान उर्फ चंदा निवासी बिछड़ी, टैंकर चालक मंगल चौहान निवासी मुगलचक और खलासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 707/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287, 316(3), 305(बी), 317(2), 61(2) और पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – संदीप कुमार बड़ा बाबू