चंदौली में धड़ल्ले से बिक रही मिलावटी खाद्य सामग्रियां

आम जिंदगियों से हो रहा खिलवाड़, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग कर रहा अनदेखी
चंदौली,16 सितंबर 2024 सोमवार। जनपद में इन दिनों खाद्य दुकानों में मिलावटी पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है। जिस पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की तरफ से अनदेखी की जा रही है। आम जिंदगियों से खिलवाड़ हो रहा है, बिक रहे मिलावटी दूध और पनीर, फूड प्वाइजनिंग से लोग बीमार हो रहे हैं।
ताजा मामला जनपद के बलुआ बाजार स्थित कृष्णा गुप्ता मिष्ठान भंडार का प्रकाश में आया है। जिसका खुलासा करते हुए सकलडीहा अंतर्गत पीथापुर निवासी अजय सिंह ने बताया कि बीते रविवार को उनके पिता की मृत्यु हो गई जिनका दाह संस्कार रविवार को ही बलुआ घाट पर किया गया। जलपान हेतु बलुआ बाजार की फेमस मिष्ठान की दुकान कृष्णा गुप्ता के यहां ऑर्डर दिया गया।
तीन घण्टे बाद शव जल जाने पर जब जलपान के लिए तीन सौ से अधिक की संख्या में हमारे शुभचिंतक पहुंचे तो उन्हें मिलावटी खाद्य पदार्थों को परोस दिया गया। सभी लोगों ने आना कानी करना शुरू कर दिया। लेकिन शिकायत के बावजूद भी दुकानदार मानने को राजी नहीं हुआ। आलम यह हुआ कि मिलावटी पदार्थों के सेवन से लगभग एक सौ से ज्यादा लोग घर आने के बाद बीमार पड़ गए। जो अपने अपने क्षेत्रों के निजी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ हुए। आज सोमवार को सुबह लगभग एक सौ से ज्यादा लोगों ने हमे अपने हालात से रूबरू कराया।
भुक्तभोगी का आरोप है कि उपरोक्त मिष्ठान भण्डार पर आये दिन हजारों की संख्या में लोग पंहुचते है वह भी इसी तरह की मिलावटी पदार्थों को खाकर बीमार पड़ते हैं। इसपर उन्होंने उक्त मिष्ठान की दूकान सहित जनपद के सभी खाद्य दुकानों की जांच कराने की मांग किया है। जिससे मिलावटी मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लग सकेगा। काफी दिनों से खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की तरफ से कोई कानूनी कार्यवाही नहीं किया जा रहा है। आलम यह है कि पिछले दो महीनों से मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ के दुकानदार खुले आम केमिकल से तैयार दूध से बनी मिठाईयां और मिलावटी खाद्य पदार्थों की धडल्ले से बिक्री कर रहे हैं।
इसके बावजूद भी खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी आंख बंद करके बैठे हैं। मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से सरकारी अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।फूड प्वाइजनिंग के मरीजों का विवरण जानने के बाबत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अधीक्षक चहनिया रितेश कुमार से पत्रकार ने दो बार फोन किया परंतु अधीक्षक ने एक बार भी रिसीव नहीं किया।
सैंपल की चंद रिपोर्ट में लापरवाही
जनपद में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की तरफ से कोई कड़ी कार्यवाही नहीं की जा रही है। ऐसे में लोग दुकानों से मिलावटी मिठाई लेकर खाने के बाद बीमार पड़ रहे हैं। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है। बाजार में इन दिनों सबसे अधिक दूध और पनीर एवं मिठाइयों में मिलावटी करके धड़ल्ले से बिक्री किया जा रहा है। लापरवाही का आलम यह है कि विभाग की तरफ से सिर्फ खानापूर्ति के लिए अभियान चलाकर सैंपल लिए जाते हैं। इसके बाद कागजों में ही रफा दफा कर दिया जाता है।