धानापुर में 22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण

eb8b6ab9a19b

घर-घर पहुंचेंगी विभागीय टीमें, 29 हजार पशुओं को लगेगा टीका

चंदौली जिले के विकास खंड धानापुर में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 22 जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 8 सितंबर 2026 तक चलेगा।

अभियान के दौरान विकास खंड क्षेत्र के 15 हजार गोवंश तथा 14 हजार महिषवंशी पशुओं सहित कुल 29 हजार पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग ने विशेष टीमें गठित की हैं, जो गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं की उत्पादकता प्रभावित होती है। समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम संभव है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अभियान में पूर्ण सहयोग करें और अपने सभी पात्र पशुओं का निर्धारित समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।
उन्होंने बताया कि अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी या असुविधा की स्थिति में पशुपालक मोबाइल नंबर 9721984645 पर संपर्क कर सकते हैं। पशुपालन विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पशुओं को टीकाकरण के दायरे में लाकर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *