चंदौली में बारिश में ढहा गरीब का आशियाना

पांच लोग मलबे में दबे, हर घर आवास योजना पर उठे सवाल
चंदौली, सटीक संवाद। जिले के विकास खण्ड धानापुर अंतर्गत नौली गांव में गरीब का मिट्टी का बना आशियाना अत्यधिक बारिश के कारण शुक्रवार को भरभरा कर ढह गया और घर में सो रहे परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए. अगल बगल के लोगो के काफी शोर गुल मचाने के बाद जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. जहां सबका इलाज चल रहा है. जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना तब हुई जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे और भोर के लगभग 03 बज रहे थे. इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं. जिनमें शैलेन्द्र कुमार (30 वर्ष) और राजदेई देवी (62 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. अन्य घायलों में शुभम कुमार (12 वर्ष), नेहा (11 वर्ष) और दिव्यांश (4 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें भी चोटें आई हैं. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया.
ग्रामीण सुभाष राम ने बताया कि शुक्रवार भोर में उनके चाचा कतवारू राम का मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया. तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को मलबे में दबा पाया. ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया. घटना के बाबत पुलिस प्रशासन को सूचना दे दी गई है.
ग्रामीणों का आरोप है कि नौली गांव स्थित दलित बस्ती में आज भी करीब एक दर्जन कच्चे मकान है. जिसमें परिवार के लोगों को विवशता में रहना पड़ता है. क्योंकि उन्हें अभी तक सरकारी आवास नहीं मिल पाया है. इस घटना से हर घर आवास योजना की पोल खुल गई और लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।