अकबरनगर के अजीज की आत्महत्या का जिम्मेवार प्रदेश सरकार : माले

आशियाना पर बुलडोज का दंश और आय के अभाव में परिवार का भरण-पोषण न कर पाना फांसी लगाने का बना
कारण
लखनऊ, 28 जुलाई। भाकपा (माले) ने लखनऊ के अकबरनगर में अजीज की आत्महत्या का प्रदेश सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि बुलडोजर चलने के बाद गरीब परिवारों का आशियाना तो उजड़ा ही साथ ही फूलमंडी बुलडोज किए जाने पर आर्थिक तंगी और बेरोजगारी का भयंकर दंश ने अजीज को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है।पार्टी ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए सरकार से बुलडोजर अभियान को रोकने, विस्थापित परिवारों की आजीविका की व्यवस्था करने, मृतक अजीज के परिवार को मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि सरकार ने पुनर्वास के नाम पर कुछ परिवारों को वसंतकुंज में किश्त पर घर देकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है। गरीब परिवारों की आजीविका कैसे चलेगी, उनके जीवन की सुरक्षा कैसे होगी, इन प्रश्नों से पल्ला झाड़ लिया है। जबकि ये जिम्मेदारी राज्य की है, जिसने उनका घर रोजगार छीना। वसंतकुंज में शिफ्ट हुए परिवारों से ताल्लुक रखने वाले लोगों का कहना है कि पहले भी वहां कई मौतें हो चुकी हैं। बुलडोजर का दंश झेल रहे प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को ठीक करने पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में इस तरह की और भी घटनाएं हो सकती हैं।
खबर के अनुसार युवक अजीज की लाश वसंतकुंज के उस कमरे में मिली, जहां पिछले महीने परिवार के साथ वह शिफ्ट हुआ था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और छ: माह की बेटी है। वह टेलरिंग का काम करता था। वह अपनी सिलाई मशीन लेकर वसंतकुंज से रोजाना ध्वस्त हो चुके अकबरनगर जाता और वहां तंबू लगाकर काम मिलने की उम्मीद करता। पर आय के अभाव व परिवार का भरण-पोषण न कर पाने के कारण फांसी लगाकर जान दे दी।