सकलडीहा के तिराहों पर आश्रय-जल की व्यवस्था नहीं, तीव्र गर्मी में यात्री हलकान

78e95ec139af
चन्दौली— तीव्र धूप और गर्मी के बीच सकलडीहा-अलीनगर तथा सघन तिराहे पर यात्री प्रतिक्षालय और पियाऊ की कमी से दिनभर यात्रियों व वाहन चालकों को बेहाल होना पड़ रहा है।

आसमान से आग की तरह गिरती तेज धूप ने जनजीवन और आवागमन प्रभावित कर दिया है, लेकिन दोनों प्रमुख तिराहों पर किसी भी प्रकार की छाया या बैठने की व्यवस्था नहीं है। सुबह से शाम तक वाराणसी, मुगलसराय, सैदपुर, जमनिया, बिहार व चन्दौली के लिए निकलने-आने वाले यात्रियों को दुकानों के बाहर या सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है। महिलाएँ और छोटे बच्चे पानी व छाया की तलाश में भटकते दिखे। न तो हैंडपंप है और न ही किसी सामाजिक संगठन द्वारा पियाऊ की व्यवस्था की गई है।
यात्री प्रतिक्षालय न होने के कारण सड़कों पर वाहनों की कतारें लगी रहती हैं और सवारी वाहन चालक भी लगातार धूप में बैठे रहने के कारण थकान व असुविधा झेल रहे हैं। इससे आवागमन धीमा और जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों व व्यापारियों — पवन वर्मा, रमन सोनकर, पीयूष चौरसिया, सूरज सिंह, गौतम गोंड, घनश्याम जायसवाल, सोहन गुप्त व सुभाष — ने जिला प्रशासन से तिराहों पर यात्री प्रतिक्षालय गृह व पियाऊ की तात्कालिक व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *