परिषदीय विद्यालयों के उर्दू शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुभारंभ

भाषाई शिक्षा को लेकर सरकार की नीतियों, योजनाओं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति में वर्णित उद्देश्यों पर चर्चा
चंदौली सकलडीहा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के क्रम में दिनांक 5 दिसंबर, 2024 को परिषदीय विद्यालयों के उर्दू शिक्षकों का आवश्यकता आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ डायट चन्दौली के न्यू आडिटोरियम हाल में हुआ.
प्रशिक्षण का शुभारंभ संयुक्त रूप से डायट प्राचार्य श्री विकायल भारती एवं मुख्य अतिथि प्रो० आफताब अहमद आफाकी, अध्यक्ष, उर्दू विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी के द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्जवलन कर किया गया.
डायट की ओर से प्राचार्य विकायल भारती एवं प्रशिक्षण प्रभारी डॉ० अजहर सईद द्वारा पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर मुख्य अतिथि प्रो० आफताब अहमद आफाकी का स्वागत किया गया. प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य विकायल भारती ने भाषाई शिक्षा को लेकर सरकार की नीतियों, योजनाओं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति में वर्णित उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की.उन्होंने बताया उर्दू विषय को आईसीटी एवं बदलती प्रोद्योगिकी के साथ जोड़कर देखने एवं उर्दू के शैक्षिक परिवेश को संवर्धित करने की आवश्यकता है.
प्रो० आफताब अहमद आफाकी ने अपने उद्बोधन में कहा उर्दू, हिंदुस्तानी तहजीब एवं विरासत में छाप छोड़ती है. हिन्दुस्तान की सौंधी मिट्टी से उर्दू की खुशबू आती है. इसे धर्म और मजहब के बजाय संस्कृति से जोड़कर देखने की आवश्यकता है. मगरीब और खाड़ी देशों में उर्दू का तेजी से प्रसार हो रहा है. हाल के वर्षों में भारत सरकार, राज्य स्तर पर एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में इसके प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा उर्दू कभी भी मजहब की भाषा नहीं रही है जबकि उर्दू की समझ न रखने वाले लोग इसे महजब से जोड़ कर देखते हैं. उन्होंने उर्दू शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विषयगत हीन भावना से निकलकर राष्ट्र हित में अपना योगदान दें.
प्रशिक्षण प्रभारी डॉ अज़हर सईद द्वारा प्रशिक्षणार्थियों का आगामी तीन दिवसों में संचालित प्रशिक्षण के संबंध में ओरिएंटेशन किया गया. प्रथम दिवसीय प्रशिक्षण के अंतर्गत पंजीकरण,पूर्व आकलन प्रपत्र के साथ ही प्रशिक्षण सत्र का आयोजन हुआ.
इस दौरान प्रवक्ता डॉ जितेन्द्र सिंह, जयंत कुमार यादव, हरिवंश यादव, बिजेन्द्र भारती, डॉ० मंजु कुमारी एवं प्रशिक्षण सन्दर्भदाता आफताब अहमद, अफशा रूमानी, कसिमुद्दीन, अलाउद्दीन शफात अली, इरफान अली आदि उपस्थित रहे।