घर में घुसकर सपा महिला जिलाध्यक्ष पर बर्बर हमला, मामला पंहुचा आयोग

759f52380859
चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र के मढ़िया गांव में 28 मई 2026 की सुबह करीब 9:24 बजे एक शर्मनाक और बर्बर घटना ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर उनके ही घर में घुसकर लात-घूंसे, बाल खींचकर घसीटने और लकड़ी की टेबल सिर पर मारकर क्रूर हमला किया गया।

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावरों ने घर की दहलीज लांघते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता को जमीन पर पटककर मारपीट की गई। गार्गी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस कृत्य की निंदा करते हुए मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता डॉ. खालिद वकार आबिद ने उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। आयोग ने वाद संख्या 4030/IN/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारों के अनुसार यह हमला संपत्ति विवाद से जुड़ा है। गार्गी पटेल जमीन कारोबार से जुड़ी हैं और आरोपी पक्ष पूर्व सपा नेता प्यारेलाल यादव से संबंधित बताया जा रहा है। करीब एक करोड़ रुपये की डील को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव था।
यह घटना न केवल एक महिला की गरिमा पर हमला है, बल्कि राजनीतिक दलों में बढ़ती असहिष्णुता और गुंडागर्दी का भी उदाहरण है। सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पर घर में घुसकर इस तरह का हमला लोकतंत्र और महिला सशक्तिकरण दोनों के लिए शर्मनाक है।
पीड़िता पक्ष अब आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पर्याप्त सुरक्षा की मांग कर रहा है। CCTV फुटेज के मजबूत सबूत के बावजूद अगर आरोपी बेखौफ घूमते रहे तो यह कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करेगा।ऐसी घटनाएं महिलाओं को राजनीति से दूर करने का काम करती हैं। उम्मीद है कि प्रशासन और आयोग इस मामले में सख्ती बरतेगा और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *