अवैध खनन और उपद्रव में दो गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग की कोशिश नाकाम

a57a7a5e8cf0
चन्दौली, 15 मई 2026 — थाना चकिया पुलिस व वन विभाग की संयुक्त कार्यवाही के दौरान अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ की गई बड़े स्तर की कार्रवाई में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के समय ग्रामीणों की बड़ी भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला और अवरोध पैदा किया, जबकि एक अभियुक्त ने पुलिस पर अवैध असलहा से फायरिंग की भी कोशिश की जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया।

घटना की जानकारी के अनुसार रेंजर चकिया अखिलेश दुबे व वन विभाग की सूचना पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह मय टीम 09.05.2026 को चन्द्रप्रभा रेंजरी के ग्राम अलीपुर भांगड़ा में बिना अनुमति जेसीबी व दो ट्रैक्टर से अवैध खनन कर रहे स्थान पर पहुंचे। मौके पर जेसीबी व दो ट्रैक्टर अवैध तरीके से खनन करते पाए गए और उन्हें कब्जे में लेकर ले जाया जा रहा था कि अचानक लगभग 80-100 ग्रामवासी (पुरुष एवं महिलाएं) महेन्द्र राव व उसके परिजनों के नेतृत्व में वहां इकट्ठा हो गए और टीम को घेर कर सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे।
उपद्रवियों ने प्रमुख मार्ग पर पत्थरों से मार्ग रोककर चक्का जाम कर दिया तथा राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। मामले में थाना चकिया पर मु.अ.सं. 118/2026 के तहत धारा 189(2), 191(2), 191(3), 190, 285, 115(2), 126(2), 132, 352, 351(2), बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट तथा धारा 26(1)(f) वन अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिला उच्चाधिकारीगण के निर्देशन पर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो वांछित अभियुक्तों संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन व परदेशी पुत्र महादेव निवासी ग्राम शिकारगंज को एक सफेद स्विफ्ट (पंजीकरण संख्या UP67AF6780) से गणेशपुर बंधी के पास रूकवाकर गिरफ्तार किया। 
गिरफ्तारियों के समय अभियुक्त संदीप कुमार द्वारा पुलिस पर अवैध असलहा से ताबड़तोड़ फायर किया गया जो असफल रहा; तत्पश्चात पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध असलहा (315 बोर) तथा एक मिस कारतूस बरामद किया।
प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे महेन्द्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे और भीड़ को संगठित कर पुलिस व वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया तथा जेसीबी व ट्रैक्टरों को छुड़ाने में सहयोग किया। गिरफ्तारियों से पहले अभियुक्त लोग छिपे हुए थे और आर्थिक समस्या के कारण वे शेरवा की ओर भागने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ा।
 दोनों अभियुक्तों पर मु.अ.सं. 118/26 में पूर्ववर्ती धारा सूची सहित 3/25 आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। बरामदगी में एक अवैध असलहा 315 बोर, एक मिस कारतूस 315 बोर, एक स्विफ्ट कार (UP67AF6780) तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तारी व बरामदगी में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, सुनील कुमार, रामचन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव एवं कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह प्रमुख रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है और मामले की आगे की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *