शिकायतों पर त्वरित और उचित कार्रवाई न करना दरोगा को पड़ा भारी, सस्पेंड

a5aba6a06f42

विभागीय जांच तक पुलिस लाइन से अटैच, परिणाम आने पर कार्रवाई 

चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल ने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में सदर थाना कोतवाली में तैनात उप-निरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान वे पुलिस लाइन, चन्दौली से सम्बद्ध रहेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक नागरिक ने बताया कि बीते 20 मई को लगभग चार बजे उनके मोबाइल फोन को कुछ व्यक्तियों ने झपट लिया था। शिकायतकर्ता के सूचित करने पर भी उप-निरीक्षक संजय कुमार ने अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से नहीं निभाई। 
आरोप है कि उन्होंने मामला उच्चाधिकारियों को न बताने और एफआइआर दर्ज कराने के बजाय पीड़ित पर दबाव बनाया कि वे चोरी या छिनैती नहीं कहें तथा केवल मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराएँ।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने निलंबन का आदेश देते हुए विभागीय जांच प्रारंभ करने का निर्देश दिया है। जांच के परिणामों के आधार पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों पर त्वरित और उचित कानूनी कार्रवाई न करना तथा कर्तव्यों के प्रति अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की विश्वसनीयता और छवि को प्रभावित करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *