एयर शो की रिहर्सल देखने उमड़ी भीड़, राफेल की गर्जना से गूंजा आसमान
एयर शो जैसे बड़े आयोजनों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ना स्वाभाविक है, लेकिन ऐसे आयोजनों की सफलता के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सबसे अहम होता है। प्रमुख मार्गों पर पहले से रूट डायवर्जन, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था, पैदल आने-जाने वालों के लिए सुरक्षित रास्ते और आम लोगों तक समय रहते सूचना पहुंचाना जरूरी है। इससे लोगों को परेशानी से बचाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जा सकता है।

भारतीय वायुसेना के विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन
चंदौली/डीडीयू नगर। गंगा के घाटों पर बुधवार को एयर शो की रिहर्सल देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों के हैरतअंगेज करतब और राफेल की गर्जना ने लोगों को रोमांचित कर दिया। विमानों की कलाबाजियां देखने के लिए घाटों पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान वायुसेना के जवानों ने अपने साहस, कौशल और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
रिहर्सल के दौरान हेलीकॉप्टर से उतरकर रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। जवानों के समन्वय और तत्परता को देखकर लोग उत्साहित नजर आए। आसमान में विमानों की तेज आवाज और रोमांचक करतब आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे। लोग इस नजारे को अपने कैमरों में कैद करते दिखाई दिए।
नमो घाट पर प्रवेश प्रतिबंधित, अन्य घाटों पर जुटी भीड़
एयर शो की रिहर्सल को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा कारणों से नमो घाट पर प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया, जबकि आसपास के अन्य गंगा घाटों पर प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रशासन ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को पड़ाव से पहले ही रोक दिया था। इसके चलते लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुगलसराय से पड़ाव तक सुरक्षा का पहरा
भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। गंगा घाटों और नमो घाट के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बन गई। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मुगलसराय से पड़ाव तक जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
एयर शो की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल समेत एडीएम, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, लेखपाल और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया गया।