कमालपुर दंगल में शमशेर-सदानंद की कांटे की टक्कर, 25 हजार की कुश्ती बराबरी पर छूटी

कुश्ती ग्रामीण भारत की पारंपरिक खेल संस्कृति का अहम हिस्सा है। कमालपुर जैसे आयोजनों से स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन तथा खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। ऐसे दंगलों का नियमित आयोजन पारंपरिक कुश्ती को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कमालपुर, चंदौली। कमालपुर कस्बे में इमामबाड़ा के समीप बुधवार की देर शाम पूर्व प्रधान दयाराम यादव के नेतृत्व में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। इसमें क्षेत्रीय, जनपदीय और राज्य स्तरीय पहलवानों ने दमखम दिखाया। दांव-पेच से सजे मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी जुटे रहे।

दंगल का मुख्य आकर्षण महराजपुर के शमशेर पहलवान और मुगलसराय के सदानंद पहलवान के बीच 25 हजार रुपये की इनामी कुश्ती रही। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पूरी ताकत झोंकी। देर तक चले संघर्ष में कई बार रोमांचक स्थिति बनी, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका। अंततः मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों पहलवानों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।

अन्य मुकाबलों में आठ हजार रुपये की कुश्ती में शिवम मऊ और अविनाश वाराणसी तथा चंदन धानापुर और सुजीत मऊ के बीच मुकाबले बराबरी पर रहे। दस हजार रुपये की कुश्ती में चंदन महाराजपुर और रवि सरवां माड़ के बीच भी बराबरी का मुकाबला हुआ। बघेल नौबपुरा और चंद्रकेश मऊ के बीच कुश्ती का परिणाम भी बराबरी रहा।

वहीं, सूरज कछवां ने सोनू सिगरा, अंकुर सरैया ने ओम मऊ, राकेश आजमगढ़ ने पवन वाराणसी और जंगबहादुर देवरिया ने महेंद्र जौनपुर को पटखनी दी।

 

कमालपुर चौकी प्रभारी जय करन सरोज ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर मुकाबले शुरू कराए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजीवन मिश्रा ने की। अतहर अली ने कमेंट्री और सुनील अग्रहरि ने रेफरी की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर अध्यक्ष मदन मोहन रस्तोगी, महामंत्री राजीव अग्रहरि, संरक्षक नीरज अग्रहरि, संतोष कुमार, चेतन जायसवाल, जगमेंद्र यादव, दिनेश गुप्ता, रितेश पांडेय, वीरेंद्र अग्रहरि, धीरज अग्रहरि, विकास गुप्ता, मुकुंद जायसवाल, विजय मौर्य, अशोक अग्रहरि, पिंटू केशरवानी, बिनोद अग्रहरि, सोहराब अली, मुख्तार अहमद, सोनू यादव, अभिलाष यादव उर्फ पप्पू, मनोज यादव, संजय त्रिशूलिया और चंदन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।