अनियंत्रित बोलेरो के पेड़ से टकराने से तीन की मौत दो घायल,गाड़ी के उड़े परखचे

बाबा कीनाराम धाम से दर्शन कर वापस आते समय घटी घटना
चन्दौली,धीना। कंदवा थाना क्षेत्र के परसिया गांव के समीप गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो पेड़ से टकराकर नहर में जा गिरी। इससे मौके पर चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची कंदवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।वही दो घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सको ने वाराणसी ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया।
चन्दौली के मोहम्मदपुर तेजोपुर सैयदराजा निवासी 26 वर्षीय गुड्डू यादव बोलरो से अपने चार मित्रों के साथ गुरुवार की सुबह चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम का दर्शन करने गया था।देर रात दर्शन करने के बाद सभी सवार घर वापस आ रहे थे।वाहन को गुड्डू यादव चला रहा था।तेज रफ्तार बोलेरों अनियंत्रित होकर परसिया गांव के समीप पेड़ से टकराकर सीधे नहर में जाकर पलट गई। इससे मौके पर चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
इसमें चालक गुड्डू यादव,26 वर्ष निवासी ग्राम तेजोपुर सैयदराजा, भोला यादव 24 वर्ष, सोनू यादव 28 वर्ष निवासीगण भानपुर भभुआ बिहार की मौत हो चुकी है,वही 22 वर्षीय सुशील यादव निवासी भानपुर भभुआ बिहार 26 वर्षीय राहुल यादव नरमा भभुआ बिहार दोनो घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। मौके पर हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया गया।
कंदवा थानाध्यक्ष सलिल स्वरूप आदर्श ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है।जबकि दो घायलों का वाराणसी ट्रामा सेन्टर में इलाज चल रहा है।