अवांछनीय तत्वों ने डॉ अंबेडकर की प्रतिमा को दूसरी बार किया खंडित ,ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

कहा,अगर पुलिस अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्यवाई कर दी होती तो दुबारा मूर्ति नहीं तोड़ी जाती
चन्दौली,इलिया। थाना क्षेत्र के खखडा गांव में गुरुवार की रात डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अवांछनीय तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बेेन-धरौली मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आशुतोष व इलिया शहाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गये और क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह नया प्रतिमा तत्काल स्थापित करने का आश्वासन देकर चक्का जाम हटवाया।
दरअसल,खखडा गांव में बेन धरौली मार्ग के समीप डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई है। बीती रात किसी अवांछनीय तत्वों ने ईट पत्थर से वार करके प्रतिमा का दाहिना हाथ तोड़कर बगल के खेत में फेंक दिया था। इसके पूर्व 10 जुलाई की रात में भी अराजक तत्वों ने प्रतिमा के दाहिने हाथ की अंगुली तोड़ दी थी। जिस पर पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बूझाकर प्रतिमा का मरम्मत कराकर मामले को शांत कराया था।
अराजक तत्वों को पकड़ने में पुलिस पूरी तरह से फेल
ग्रामीणों का आरोप है कि अराजक तत्वों द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को जुलाई माह में 15 दिन के अंदर दूसरी बार क्षतिग्रस्त किया गया है, जिसका पता लगाने तथा उन पर कोई कार्रवाई करने में पुलिस पूरी तरह से असमर्थ है या कहें कि कोई रुचि नहीं ली। अगर पुलिस अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्यवाई कर दी होती तो दुबारा मूर्ति नहीं तोड़ी जाती। वहीं नाराज ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की इस रवैया से कानून पर से जनता का विश्वास उठता जा रहा है।
उधर सीओ आशुतोष ने बताया कि अराजतत्वों को जल्द ही चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाई की जायेगी।