चंदौली के स्कूलों को संवारने से लेकर प्रतिभाओं को निखारने तक, बीबीएस सोनाटा की पहल

विद्यालयों को संसाधन उपलब्ध कराना और आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति देना शिक्षा के क्षेत्र में दोहरी मजबूती का काम है। बीबीएस सोनाटा की पहल जहां परिषदीय विद्यालयों के भौतिक परिवेश को बेहतर बना रही है, वहीं छात्रवृत्ति के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी दे रही है।

परिषदीय विद्यालयों को कूलर, पंखे और ब्लूटूथ स्पीकर, जरूरतमंद व मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की भी पहल जारी

चंदौली जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में बीबीएस सोनाटा माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड लगातार सराहनीय भूमिका निभा रही है। कंपनी पिछले कई वर्षों से विद्यालयों को भौतिक एवं शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने में सहयोग कर रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार, प्राथमिक विद्यालय धनउर और प्राथमिक विद्यालय बरठी समेत जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों को कूलर, सीलिंग फैन, ब्लूटूथ स्पीकर सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इन संसाधनों से विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार होगा और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।

इस पहल पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार के प्रधानाध्यापक अरुण रत्नाकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कंपनी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीबीएस सोनाटा माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड लगातार विद्यालयों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इससे विद्यालयों का भौतिक परिवेश बेहतर बनाने के साथ शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को भी सुविधाजनक बनाने में मदद मिल रही है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने की प्रक्रिया भी जारी है। यह पहल आर्थिक परिस्थितियों से जूझ रहे बच्चों को शिक्षा की राह पर आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

कंपनी के एमडी अनूप कुमार सिंह, पदाधिकारी सुजीत पाठक और विवेक सिंह सहित अन्य लोगों की ओर से विद्यालयों के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर सहयोग किया जा रहा है। विद्यालय परिवार ने कंपनी के इस सामाजिक एवं शैक्षिक सरोकार की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यह सहयोग इसी तरह जारी रहेगा।