चंदौली के उकनी बीरम राय में किसानों की जीत

4dc3442c076e
दशक पुराना खाद गोदाम फिर जीवंत, नया क्रय केंद्र से मिलेगी राहत

चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र के उकनी बीरम राय गांव में किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटने वाली है। यहां जल्द ही खाद का वितरण शुरू हो जाएगा और एक नया क्रय केंद्र भी खुलने जा रहा है। इससे स्थानीय किसानों को अपनी फसलें बेचने और जरूरी खाद आसानी से प्राप्त करने में बड़ी राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने इन तैयारियों को तेज कर दिया है, जो ग्रामीणों की वर्षों की मांग का प्रत्यक्ष परिणाम है।



 
एक दशक से अधिक समय से उकनी बीरम राय में खाद गोदाम मौजूद था, लेकिन यह बिना किसी संचालन के निष्प्रभावी और असुरक्षित पड़ा सड़ रहा था। बारिश में लीकेज, आसपास गंदगी का अंबार, प्लास्टर छोड़ी दीवारें, टूटी खिड़कियां, चूहों का आतंक और जंग लगे दरवाजे—यह सब गोदाम की दयनीय स्थिति की गवाही दे रहा था।


 ग्रामीण किसान हर खरीफ और रबी सीजन में खाद के लिए दूर-दराज के बाजारों का रुख करने को मजबूर रहे। महंगी परिवहन लागत और ब्लैक मार्केटिंग ने उनकी कमर तोड़ दी। कई बार उन्होंने गांव की पंचायत और जिला स्तर पर शिकायतें कीं, लेकिन हर बार सचिव नरेन्द्र पाल झूठे बहाने बनाकर जिला प्रशासन को गुमराह करता रहा —कभी फंड न होने का रोना, कभी रखरखाव की कमी का। कभी गोदाम तक रास्ता नहीं। किसानों का गुस्सा भड़कता गया, लेकिन उनकी आवाज दबती रही।


बुधवार को आयोजित किसान दिवस ने आखिरकार इस मुद्दे को पटरी पर उतार दिया। गांव के प्रमुख किसान नेता पिंटू पाल, दीनानाथ श्रीवास्तव, विजयकांत पासवान और शेषनाथ यादव ने जिलाधिकारी के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी पीड़ा रखी। जिसपर डीएम के तत्काल निर्देश पर मौके पर पहुंचे एआरओ श्रीप्रकाश उपाध्याय ने स्थिति का जायजा लिया। सचिव के झूठे बहानों पर एआरओ ने खूब नाराजगी जताई और उसे जमकर फटकार लगाई।


 उन्होंने साफ-साफ कहा, “ऐसे गुमराह करने वाले बहानों से किसानों का भारी नुकसान हो रहा है, यह बर्दाश्त नहीं होगा।” एआरओ ने तत्काल गोदाम की सफाई-सफाई, मरम्मत और संचालन शुरू करने का आदेश दिया। साथ ही, नया क्रय केंद्र खोलने की प्रक्रिया को भी हरी झंडी दे दी, जो किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य दिलाने में मददगार साबित होगा।


इस ऐतिहासिक मौके पर पिंटू पाल, दीनानाथ श्रीवास्तव, विजयकांत पासवान, शेषनाथ यादव, मोहन यादव, मुन्ना सिंह, धनंजय यादव, सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और ग्रामीण उपस्थित थे। सबने एक स्वर में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पिंटू पाल ने कहा, “आज हमारी दशकों की प्रतीक्षा समाप्त हुई। अब खाद और उपज बिक्री के लिए गांव से बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। यह हमारी एकजुटता की जीत है।”


जिला प्रशासन का यह कदम न केवल उकनी बीरम राय बल्कि पूरे सकलडीहा क्षेत्र के लिए मिसाल बनेगा। किसान अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर अपनी फसलें उगाने और बेचने में सक्षम होंगे। उम्मीद है कि ऐसी पहलें अन्य गांवों तक भी पहुंचेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश के किसान सशक्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *