लोकनाथ महाविद्यालय में साइबर ठगी से बचाव को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

रामगढ़ स्थित लोकनाथ महाविद्यालय में बलुआ पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के नए तरीकों और ऑनलाइन लेनदेन में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देकर जागरूक किया।

चहनिया, चंदौली। ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान, क्यूआर कोड, बारकोड, संदिग्ध लिंक और विभिन्न मोबाइल ऐप के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाव के लिए बलुआ पुलिस ने बुधवार को रामगढ़ स्थित लोकनाथ महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। कभी फर्जी लिंक भेजकर, कभी क्यूआर कोड स्कैन कराने के नाम पर तो कभी ऑनलाइन खरीदारी और भुगतान के दौरान लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की जा रही है। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर लिंक खोलने, ओटीपी साझा करने या संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने से बचना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि बलुआ पुलिस द्वारा साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूल-कॉलेजों के साथ ही नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को साइबर सेल की ओर से जारी एडवाइजरी और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और चौकीदारों के सहयोग से भी लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा रही है। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी साइबर ठगी के तरीकों और उससे होने वाले आर्थिक नुकसान के प्रति लोगों को सचेत किया जा रहा है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग डिजिटल माध्यम का व्यापक इस्तेमाल करता है और अपनी जागरूकता के जरिए दूसरों को भी साइबर अपराध से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति की उपनिरीक्षक जमीरउद्दीन खान, अनामिका, सरोज यादव, रमेश चौहान, महाविद्यालय प्रबंधक धनंजय सिंह, डॉ. सर्वेश कुमार शर्मा, डॉ. विनय सिंह, डॉ. मदन राम, गोविंद नारायण, नीलम प्रजापति, रितेश गुप्ता, रितेश पांडेय, डॉ. बिंदु श्रीवास्तव, रफत जहां, संजय सिंह, धीरेन्द्र राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।