चंदौली में साईं नमकीन फैक्ट्री पर छापा, कमियां मिलीं; राजेश मिक्स मसाला यूपी में बैन
चंदौली में साईं नमकीन इंडस्ट्रीज के निरीक्षण में कमियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया और दो नमूने जांच के लिए भेजे गए। वहीं, प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए गए राजेश मिक्स मसाले के बैच नंबर 03 की पूरे उत्तर प्रदेश में बिक्री पर रोक लगाई गई है।
चंदौली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 स्थित साईं नमकीन इंडस्ट्रीज पर छापेमारी कर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच में कमियां मिलने पर फैक्ट्री संचालक को नोटिस जारी किया गया और नमकीन के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसी बीच अमेठी की कंपनी द्वारा निर्मित ‘राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)’ का बैच नंबर 03 प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए जाने पर उसकी बिक्री पर पूरे उत्तर प्रदेश में रोक लगा दी गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 स्थित साईं नमकीन इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने फैक्ट्री में नमकीन निर्माण की प्रक्रिया, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर कई कमियां और अनियमितताएं सामने आईं। इस पर विभाग ने फैक्ट्री संचालक को कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया।
टीम ने मौके से नमकीन के दो अलग-अलग नमूने भी लिए। दोनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश मिक्स मसाले के बैच पर प्रदेशभर में रोक
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के आदेश के तहत ‘राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)’ के बैच/लॉट नंबर 03 के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

यह मसाला अमेठी स्थित राजेश फूड्स एंड कंज्यूमर्स प्राइवेट लिमिटेड, गौरीगंज रोड, रायपुर फुलवारी द्वारा निर्मित बताया गया है। संबंधित बैच का नमूना पूर्व में कुशीनगर जिले से लिया गया था। प्रयोगशाला जांच में नमूना स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाया गया।
रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित बैच के मसाले की पूरे उत्तर प्रदेश में बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। निर्माता कंपनी को बाजार में उपलब्ध इस असुरक्षित बैच के पैकेट वापस मंगाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खाद्य कारोबारियों में सतर्कता
चंदौली में नमकीन फैक्ट्री पर हुई कार्रवाई और प्रदेश स्तर पर असुरक्षित मसाले की बिक्री पर रोक के बाद खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।