धानापुर CHC से दिल्ली तक निःशुल्क इलाज की राह आसान, गंभीर मरीजों के लिए तैनात हुई ALS एम्बुलेंस

धानापुर,(चंदौली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर से इमरजेंसी की स्थिति में रेफर किए जाने वाले गंभीर मरीजों को अब बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर अवस्था में रेफर मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में चंदौली जिला अस्पताल, वाराणसी, लखनऊ तथा आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली तक के अस्पतालों में निःशुल्क पहुंचाकर भर्ती कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय रहते उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
ALS एम्बुलेंस में गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाते समय आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहती है। कंपनी की ओर से यह प्रयास किया जा रहा है कि शासन की इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंच सके।
जिला प्रभारी अंकित गुप्ता ने बताया कि जनपद में धानापुर, चंदौली और नौगढ़ में ALS (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। गंभीर स्थिति में रेफर किए जाने वाले मरीजों को इनका लाभ दिया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।