लावारिस ट्रक से 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद, अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

c1f9558eaaa1
चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास खड़े एक लावारिस ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। बरामद सिरप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार शाम करीब पांच बजे रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े ट्रक (संख्या यूपी-74 वाई-4726) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में लदी 20 बोरी मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में कुल 72 पेटियों में 7200 शीशी (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर रखा गया था।
बरामद माल में 36 पेटियों में 3600 शीशी (360 लीटर) फेयरडिल न्यू (FAIRDYL NEW) तथा 36 पेटियों में 3600 शीशी (360 लीटर) एस्कफ ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल है। मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने दवाओं का परीक्षण कराया और नमूने जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिए गए। पुलिस ने ट्रक के केबिन से एक फ्लीटएक्स (Fleetx) जीपीएस डिवाइस भी बरामद किया है।
पुलिस ने इस मामले में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ट्रक के स्वामी की पहचान फिरोजाबाद निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है। तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले सभी आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *