नौगढ़ के जनकपुर में डॉ. आंबेडकर स्मारक की चहारदीवारी शरारती तत्वों तोड़ी, ग्रामीणों में आक्रोश

नौगढ़ के जनकपुर गांव में डॉ. आंबेडकर स्मारक की चहारदीवारी तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

चंदौली। नौगढ़ तहसील के जनकपुर गांव में अराजक तत्वों ने डॉ. आंबेडकर स्मारक स्थल की चहारदीवारी तोड़ दी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। सूचना पर पहुंचे भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रामचंद्र राम ने ग्रामीणों को शांत कराया और चकरघट्टा थानाध्यक्ष को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, जनकपुर गांव स्थित डॉ. आंबेडकर स्मारक स्थल की चहारदीवारी को गुरुवार की रात क्षतिग्रस्त किया गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने इसे देखा तो नाराजगी जताई। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन घटना को अंजाम देने वालों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच लोगों ने भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रामचंद्र राम को फोन कर मामले की जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति शांत कराई। इसके बाद चकरघट्टा थानाध्यक्ष को दूरभाष के माध्यम से घटना से अवगत कराया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस चहारदीवारी तोड़े जाने के मामले में जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और कार्रवाई को लेकर पुलिस की जांच के नतीजों का इंतजार है।