स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कैंप का शुभारंभ, ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, रमना में 23 अक्टूबर तक चलने वाले ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कैंप का शुभारंभ ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने किया। उन्होंने कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि देश की विविधता उसकी ताकत है और शारीरिक एवं मानसिक मजबूती के लिए चुनौतियों का सामना करना जरूरी है। कैंप में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल, क्विज, काशी दर्शन और सारनाथ भ्रमण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

वाराणसी। रमना स्थित स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में वाराणसी ए ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कैंप का शुभारंभ ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने गरिमामय समारोह में किया। उन्होंने कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और अनुशासन का महत्व बताते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलने का संदेश दिया। कैम्प में यूं पी 450 व आंध्र प्रदेश व तेलंगाना से 150 कुल कैडेटों की संख्या 600 है।
ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की विविध संस्कृतियों को समझने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भारत की असली शक्ति उसकी विविधता में एकता में निहित है। विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों के बीच आपसी सम्मान और सहयोग की भावना ही राष्ट्र को मजबूत बनाती है।
उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना जरूरी है। चुनौतियों का सामना करने और कठिन परिस्थितियों में खुद को ढालने से ही व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने खाकी वर्दी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वर्दी महज कपड़ा नहीं, बल्कि देश के प्रति निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे धारण करने वाले प्रत्येक कैडेट को अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को समझना चाहिए।
23 अक्टूबर तक चलेगा कैंप
23 अक्टूबर तक चलने वाले इस कैंप में विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कैंप के दौरान लेक्चरेट, क्विज प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, काशी दर्शन और सारनाथ भ्रमण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेट्स को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना, विभिन्न राज्यों की परंपराओं को समझने का अवसर देना और उनमें राष्ट्रीय एकता एवं आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। साथ ही, कार्यक्रमों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
सैन्य अधिकारियों और एनसीसी पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कैंप कमांडेंट कर्नल सुखबीर पुनिया, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश उपाध्याय, विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. चौबे, छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट (रिटायर्ड) एम.एस. यादव, सूबेदार मेजर जीत बहादुर थापा, सूबेदार चंद्रशेखर यादव, मेजर लाल बिहारी प्रसाद, चीफ ऑफिसर ए.के. त्रिपाठी, सेकंड ऑफिसर रामजी प्रसाद, सचिन यादव, कैप्टन ओमशंकर तिवारी, मेजर आर.के. सिंह, कैप्टन सौम्या पाल, नायब सूबेदार मिलन थापा तथा ट्रेनिंग एसीओ हवलदार सुनील सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा रितेश कुमार, कर्णिक, रामनारायण, उदयभान, पंकज चौधरी और राजेंद्र तिवारी समेत अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षक और सैन्य अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय का मंच प्रदान किया।