उधार गुटखा नहीं दिया तो फावड़े से फाड़ दिया सिर! 30 हजार रुपये लूटकर भागा, चढ़ा पुलिस के हत्थे

उधार गुटखा न देने जैसी मामूली बात पर कथित तौर पर फावड़े से जानलेवा हमला और हजारों रुपये की छिनैती की घटना कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक व्यवहार पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। किसी विवाद का जवाब हिंसा और लूटपाट से देना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकता। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जिम्मेदारी है कि शेष दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार करे, कथित तौर पर छीनी गई रकम बरामद करे और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच पूरी करे।

चंदौली। उधार गुटखा देने से इनकार करना एक दुकानदार को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान बचाना मुश्किल हो गया। आरोप है कि बकाया रुपये मांगने और उधार देने से मना करने पर तीन लोगों ने दुकानदार को घेरकर बेरहमी से पीटा और फावड़े से सिर पर जानलेवा वार कर दिया। इतना ही नहीं, उसकी साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये भी छीन लिए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद खूनी हमले और लूटपाट तक पहुंच गया। मामले में सैयदराजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रणविजय उर्फ विजय को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 22 नवंबर 2026 को शाम 16:30 बजे सकलडीहा रोड पर डगरिया सरकार मंदिर के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्थित माँ काली बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

उधार गुटखा को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, सैयदराजा थाना क्षेत्र के ग्राम मनराजपुर निवासी हरिदास यादव पुत्र स्व. बिग्गू यादव गांव में पान-गुटखा की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 07:30 बजे गांव का ही विशाल यादव पुत्र कन्हैया यादव उनकी दुकान पर उधार गुटखा मांगने पहुंचा। पूर्व का बकाया पैसा नहीं मिलने के कारण हरिदास ने उधार देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विशाल गाली-गलौज करने लगा।

रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला

आरोप है कि सुबह करीब 08:00 बजे हरिदास दुकान से बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास विजय, विशाल यादव पुत्रगण कन्हैया यादव और कन्हैया यादव पुत्र लोकनाथ यादव ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। तीनों ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने उसकी साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद हत्या की नीयत से धारदार हथियार फावड़े से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।

मुकदमा दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित की तहरीर पर थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0-0343/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 109 और 309(6) में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रणविजय उर्फ विजय पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम मनराजपुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र
  • उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद
  • उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी
  • कांस्टेबल राबिन्स विश्वकर्मा
  • कांस्टेबल अंकित यादव