जंतर मंतर पर मायावती ने तोड़ी चुप्पी : छात्र आंदोलन का निकले शांतिपूर्ण समाधान, पेपरलीक और भ्रष्टाचार पर सरकार करे ठोस कार्रवाई

f7bd14a233db
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छात्र आंदोलन, पेपरलीक और बढ़ते राजनीतिक टकराव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर मेडिकल की नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपरलीक और अनियमितताओं से प्रभावित छात्र-छात्राओं का अनिश्चितकालीन आंदोलन अब सड़क से लेकर संसद तक गंभीर मुद्दा बन गया है।

मायावती ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण होने से सरकार और आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे न केवल दिल्ली बल्कि विभिन्न राज्यों में भी आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देशहित में इस स्थिति का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी हो या फिर देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपरलीक की घटनाएं—ये सभी भ्रष्टाचार के विभिन्न स्तरों पर पनपने का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला संवैधानिक नैतिकता (Constitutional Morality) से भी जुड़ा है, जिस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सुशासन के लिए विशेष बल दिया था।
उन्होंने सरकार और न्यायपालिका सहित संवैधानिक संस्थाओं से पहल कर देश और जनहित से जुड़े इस गंभीर संकट का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन का विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अपने-अपने स्वार्थ के लिए राजनीतिकरण कर सड़क से लेकर संसद तक टकराव और हिंसा का माहौल बनाना उचित नहीं है।
मायावती ने अंत में सरकार और आंदोलनकारियों से संवाद के जरिए जल्द से जल्द शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शायद आपसे छूट गई खबरें