डीडीयू-सोन नगर रेलखंड पर जीएम का निरीक्षण, पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता पर जोर

b8818f5596c3
चंदौली मझवार और सासाराम स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग, निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

डीडीयू नगर, चंदौली। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ट्रैक की स्थिति, संरक्षा व्यवस्था, अनुरक्षण और परिचालन से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने चंदौली मझवार स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन परिसर, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी व्यवस्थाओं का लगातार उन्नयन किया जाए।
इसके बाद महाप्रबंधक सासाराम स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय, विद्युत व्यवस्था, शौचालय तथा स्टेशन परिसर में उपलब्ध अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने सोन नगर स्टेशन की परिचालन एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय और रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया। साथ ही रेलकर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और स्टेशन पर संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय और मंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन: डीडीयू-सोन नगर रेलखंड के निरीक्षण के दौरान स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शायद आपसे छूट गई खबरें