नकली पिस्टल से लूट करने वाले दो शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

f3c636dcbd04

62,700 नकद, मोबाइल और बाइक बरामद


चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने लूट और छिनैती की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹62,700 नकद तथा एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की भोर करीब 3:05 बजे रामनेती सिंह निवासी जेवरियाबाद अपने चचेरे भाई गुप्तेश्वर सिंह के साथ सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खेत की सिंचाई और जुताई के दौरान अपनी टाटा पंच कार में सो रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाश पहुंचे और वाहन का शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करते ही बदमाशों ने असलहे जैसी वस्तु सटाकर भयभीत किया, पिस्टल की बट से हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर उनके चचेरे भाई पर भी हमला किया और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 218/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 17 जुलाई को चंदौली कस्बे के पावर हाउस के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन सिंह उर्फ बीरू (23 वर्ष) और अमन सिंह उर्फ शेरू (24 वर्ष), दोनों निवासी भुवालपुर जेवरियाबाद, थाना सैयदराजा, के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद वे किसी अन्य अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी में लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP67AQ3621), तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹62,700 नकद और एक टच स्क्रीन मोबाइल शामिल है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों पर पहले से भी विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा सहित सैयदराजा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शायद आपसे छूट गई खबरें