चंदौली में अभियान चलाकर खोजे गए चाइनीज लहसून

चंदौली, 16 अक्टूबर, 2024,बुधवार। जनपद के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा विभिन्न मंडियों एवं सब्जी की दुकानों पर छापेमारी कर चाइनीज लहसून खोजे गए.चाइनीज लहसुन में पेस्टिसाइड की मात्रा बहुत अधिक पाई जाती है जो आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है.
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी चंदौली निखिल टी फुंडे के द्वारा जारी आदेश के क्रम में जनपद में चाइनीज लहसुन की बिक्री को प्रतिबंधित करने हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद चंदौली के द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा आम जनमानस से अनुरोध किया गया है कि वह किसी भी दशा में चाइनीज लहसुन का प्रयोग ना करें. जनपद की मंडियों में कार्यरत सब्जी विक्रेताओं से अपील की जाती है कि वह चाइनीज लहसुन का व्यापार तत्काल प्रभाव से रोक दें.
यदि कोई व्यापारी चाइनीज लहसुन बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी. आम जनमानस से अनुरोध किया जाता है कि यदि जनपद की किसी मंडी में चीनी लहसुन की बिक्री की जा रही है तो उसकी तत्काल शिकायत एफएसएसएआई के टोल फ्री नंबर पर की जा सकती है.