पुलिस की सक्रियता से चोरों का मंसूबा नाकाम, कबाड़ी के हाथों बिकने से पहले 19 सिलेंडर बरामद, कंपनी के ही चालक और लोडर निकले चोर

9a092a968198

अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज कंपनी जीवधीपुर का चोरी हुआ था 22 ऑक्सीजन सिलेंडर, गुरुकुलम स्कूल के पास छिपाए थे।


सटीक संवाद | चंदौली | सोमवार, 03 अगस्त 2026
अलीनगर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए कंपनी के ही चालक और लोडर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी हुए 22 ऑक्सीजन सिलेंडरों में से 19 खाली सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। आरोपी इन्हें गुरुकुलम स्कूल के पास एक कमरे में छिपाकर रखे थे और बिहार ले जाकर कबाड़ी के हाथों बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनका मंसूबा नाकाम हो गया।

पुलिस के अनुसार, जीवधीपुर स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज कंपनी से 22 ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी होने की सूचना मिलने पर कंपनी प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच की। जांच में कंपनी के चालक गुलाब पासवान और लोडर सुरेंद्र पटेल की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद कंपनी की तहरीर पर थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुकुलम स्कूल के पास छापेमारी की। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 19 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य सुसंगत धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि कंपनी में कार्यरत होने का लाभ उठाकर उन्होंने धीरे-धीरे 22 ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी किए थे। इनमें से तीन सिलेंडर पहले ही बिहार ले जाकर कबाड़ी को बेच चुके थे, जबकि शेष 19 सिलेंडर गुरुकुलम स्कूल के पास एक कमरे में छिपाकर रखे गए थे।
आरोपियों की योजना इन्हें भी बिहार ले जाकर बेचने की थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उन्हें धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी से मिलने वाली रकम दोनों आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में 32 वर्षीय गुलाब पासवान, निवासी बरिसलाहपुर, जनपद मिर्जापुर तथा 28 वर्षीय सुरेंद्र पटेल, निवासी सैदपुर भुजहुआ, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रद्युमन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल रामराज तथा कांस्टेबल वजाहत अली सिद्दीकी की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed