प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत,अस्पताल संचालक फरार

db249aa7120c

अल्ट्रासाउंड कराने आई थी महिला, बिना जांच के कर दिया ऑपरेशन

लखनऊ,16 नवंबर 2024, शनिवार। खबर उत्तर प्रदेश के जनपद चन्दौली के पीडीडीयू नगर कोतवाली अंतर्गत करवत स्थित मेडविन हॉस्पिटल की है जहां 20 वर्षीय प्रसूता की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे मृतका के परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच मारपीट हो गई. इसके बाद अस्पताल के कर्मी मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया.

फोटो : घटना के बाद जुटे पुलिस और आमजन की भीड़ 

जानकारी अनुसार शुक्रवार की देर रात अनिशा निषाद नामक एक 20 वर्षीय महिला को पेट में दर्द की शिकायत पर उसके पति दीपक निषाद ने करवत स्थित मेडविन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने भेजा था। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने बताया कि महिला का ऑपरेशन करना पड़ेगा, जिसकी कीमत 25,000 रुपये होगी. दीपक ने कहा कि वह थोड़ी देर में अस्पताल पहुंचेगा, लेकिन इससे पहले ही डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर दिया और एक बच्ची का जन्म कराया.
जब दीपक अस्पताल पहुंचा, तो उसे नवजात बच्ची को पकड़ाकर नेग मांगने की बात कही गई और 400 रुपये नेग भी लिया गया. लेकिन अगले दिन शनिवार की सुबह, अस्पताल द्वारा महिला के ऑपरेशन के बाद मृत होने की सूचना दी गई. इससे गुस्साए परिजन अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की मांग की. इस दौरान अस्पताल कर्मियों के साथ उनकी मारपीट हो गई और कर्मी मौके से फरार हो गए.
सूत्रों के अनुसार, मेडविन अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा है, जो कि एक गंभीर मामला है. इस अस्पताल में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. अस्पताल पर आरोप है कि यहां चिकित्सा सुविधाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया जाता और चिकित्सीय लापरवाही के कारण कई बार मरीजों को जान गवानी पड़ी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *