फर्जी रजिस्ट्री करने वाला शातिर भेजा गया जेल

809767750766
8.45 लाख ठगी की परतें खुलीं, धानापुर पुरा चेता दूबे का मामला 



चन्दौली के धानापुर थाना क्षेत्र के पूरा चेता दूबे गांव में बीते दिनों फर्जी पहचान बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराकर 8.45 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया था। पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

पीड़िता लक्ष्मीना देवी पत्नी मुकेश खरवार, ग्राम पुरा चेता दूबे द्वारा तहरीर में बताया गया कि उनके पास पहले से कोई जमीन नहीं थी और आवासीय जमीन की आवश्यकता थी। इसी दौरान पड़ोसी मनीष ने जमीन दिलाने का झांसा देकर उनका भरोसा जीत लिया। शिकायत में कहा गया है कि मनीष ने बताया कि जमीन के असली मालिक अक्सर गांव नहीं आते और वह उनसे बात कर चुका है। बातचीत के बाद दोनों बिस्वा जमीन के बदले कुल 8,45,000 रुपये तय हुए। 

तहसील सकलडीहा में रजिस्ट्री कराते समय जमीन के मालिक के स्थान पर मनीष ने फर्जी दस्तावेज, आधार व पैन बनवाकर किसी अन्य व्यक्ति के फोटो के साथ उसे अरशद पुत्र शम्सुद्दीन बताकर रजिस्ट्री करवा दी। रजिस्ट्री उसके और उसके देवर के नाम 1-1 बिस्वा के रूप में हो गई। बाद में पता चला कि असली मालिक अरशद को इस रजिस्ट्री की कोई जानकारी नहीं थी। रजिस्ट्री का सारा पैसा मनीष ने अपने पास रखा है।

लक्ष्मीना की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने मय पुलिस टीम के साथ आरोपी मनीष मिश्रा को नरौली मोड़, कस्बा धानापुर से दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed