मतदाता बनने के लिए एनसीसी कैडेट्सों को किया प्रेरित

छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करते नायब तहसीलदार सकलडीहा अमित सिंह, जिला दिव्यांग स्वीप आइकॉन राकेश रौशन व फ़ैयाज़ अहमद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सकलडीहा अमित सिंह ने कहा कि जिनकी उम्र 01 जनवरी, 2024 को 18 साल या उससे अधिक हो रही हो, वे अपने बूथ पर जाकर 09 दिसंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने आगे बताया कि मतदाता सूची में नाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर सीधे भी जोड़ा जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि जिला दिव्यांग स्वीप आइकॉन राकेश यादव रौशन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में 27 अक्टूबर से 09 दिसंबर, 2023 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2024 चलाया जा रहा है। जिसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम में संशोधन कराने या किसी के मृत हो जाने पर मतदाता सूची से उसका नाम हटाने के लिए आयोग द्वारा अवसर प्रदान किया गया है।
विशिष्ट अतिथि स्वीप सहयोगी फ़ैयाज़ अहमद ने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र जनता द्वारा जनता का शासन है। इसके लिए जरूरी है कि पहले हम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा नाटक और लोकगीत के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश दिया गया।



