सेना का जवान ट्रेन सफर में रहस्यमय तरीके से गायब

मामला दर्ज कर तहकीकात में जुटी पुलिस, नवंबर में होनी थी शादी, तैयारियों को लेकर मची थी धूम, सदमे में परिवार और गांव
धानापुर (चंदौली)। क्षेत्र के बूढ़ेपुर निवासी माधव सिंह की ट्रेन सफर में रहस्यमय तरीके से गायब होने की घटना से क्षेत्र में बेचैनी सी फैल गई है. माधव सेना के इंजीनियरिंग कोर सर्विसेज, दिल्ली में कार्यरत है. 06 नवंबर की रात अमृतसर–जयनगर स्पेशल ट्रेन (04652) से B6 कोच की बर्थ संख्या 4 आरक्षित सीट पर सफर कर रहा था.
परिजनों ने युवक से संपर्क न होने पर तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली तो GRP चारबाग, लखनऊ में घटना की सूचना दी, जहाँ GRP पुलिस मामला दर्ज कर तहकीकात कर रही है.
परिवार के लोगों ने बताया कि नवंबर माह में युवक की शादी तय थी, जिसके चलते घर में तैयारियों की धूम थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सभी को सदमे में डाल दिया. माता-पिता समेत पूरे परिवार की हालत खराब है और लगातार रो-रोकर बुरा हाल है. रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से युवक को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है.
परिवार ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या परिजनों को सूचित करें। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है।