31 अगस्त तक लगेंगे बिजली मेगा शिविर, बिल की गड़बड़ी समेत सभी शिकायतों का होगा समाधान

6a4d45fa2cb5
कमालपुर उपखंड के विभिन्न उपकेंद्रों पर तय तिथियों में लगेंगे कैंप, बाद में बकायेदारों और अवैध कनेक्शनधारियों पर चलेगा अभियान
सटीक संवाद, कमालपुर (चन्दौली)। बिजली बिल में गड़बड़ी, गलत बकाया, खराब मीटर और नए विद्युत संयोजन जैसी समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा प्रदेशभर में 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विशेष विद्युत मेगा शिविर (बिजली समाधान कैंप) आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित समाधान देना है।

कमालपुर उपखंड से जुड़े उपभोक्ता निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर बिजली से जुड़ी सभी समस्याओं का मौके पर समाधान करा सकेंगे।उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कमालपुर सुधीर कुमार ने बताया कि मेगा शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और शत-प्रतिशत निस्तारण करना है।
शिविर में गलत बिजली बिल, बकाया संशोधन, नए विद्युत संयोजन, भार वृद्धि, खराब मीटर बदलवाने, स्मार्ट मीटर, विधा परिवर्तन तथा बकाया बिल जमा करने सहित अन्य सभी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को आवाजापुर, 6 अगस्त को रमौली, 7 अगस्त को कमालपुर, 10 अगस्त को आवाजापुर, 11 अगस्त को धानापुर, 12 अगस्त को रमौली, 13 अगस्त को कमालपुर तथा 14 अगस्त को आवाजापुर विद्युत उपकेंद्र पर मेगा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद भी 31 अगस्त तक विभिन्न उपकेंद्रों पर अलग-अलग तिथियों में शिविर लगाए जाएंगे।
एसडीओ ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित उपकेंद्र पहुंचकर अपनी शिकायतों का समाधान कराएं और बकाया बिल का भुगतान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि मेगा शिविर समाप्त होने के बाद बकायेदारों, कटियामार उपभोक्ताओं और अवैध विद्युत कनेक्शनधारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *