पिकअप ने कक्षा 2 के छात्र को रौंदा, मौत

स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, स्कूल के वार्डन सुबह ले गए थे टहलाने
चंदौली,सकलडीहा। क्षेत्र के कुछमन इब्राहिमपुर मार्ग पर बुधवार को प्रातः 5 बजे अनियंत्रित पिकअप वाहन ने कक्षा दो के छात्र को रौंद दिया. शिक्षकों ने छात्र को आनन फानन में अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद वाहन सहित चालक फरार हो गया. छात्र केशवपुर लाला गांव के गोल्डन फ्यूचर एकेडमी कॉलेज में कक्षा 2 में पढ़ता था. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्टल के बाहर प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया.
सेवखर खुर्द गांव निवासी राजेश शर्मा का 7 वर्षीय बेटा युवराज शर्मा केशवपुर लाला गांव के गोल्डन फ्यूचर एकेडमी कॉलेज में कक्षा 2 में पढ़ता था और स्कूल के हॉस्टल में रहता था. स्कूल के वार्डन बुधवार की सुबह लगभग एक दर्जन छात्रों को कुछमन इब्राहिमपुर मार्ग पर टहलाने के लिए ले गए थे. कुचमन स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने युवराज को कुचल दिया. सूचना पर पहुंचे परिजन स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्टल पर धरना प्रदर्शन करने लगे.
इसके बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया. घटना की जानकारी होते ही परिजनों सहित आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचकर विद्यालय पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया वही स्कूल प्रबंधक सीताराम से भी नोकझोक करने लगे.
हालांकि पुलिस ने किसी प्रकार बीच बचाव कर समझा बुझाकर मामला शांत कराया. इस दौरान पिता राजेश शर्मा, माता शांति देवी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. इस मौके पर सीओ राजेश राय, कोतवाल राजेश कुमार सिंह, अलीनगर थाना अध्यक्ष विनोद मिश्रा, ताराजीवनपुर चौकी प्रभारी वरुणेंद्र राय सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।