महाकुंभ में भगदड़ से मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार : माले

f27297ffa5c4
महाकुंभ में सिलिंडर ब्लास्ट अग्निकांड के बाद यह दूसरी बड़ी विफलता

राजनीतिक फायदा लेने के फेर में तीर्थयात्रियों की जान से खेल रही सरकार
लखनऊ, 29 जनवरी। भाकपा (माले) ने कहा है कि प्रयागराज महाकुंभ में सरकार की कुव्यवस्था के चलते मौनी अमावस्या पर मची भगदड़ में कई मौतें हुई हैं। पार्टी ने इन मौतों पर गहरा शोक जताया है और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है.

राज्य सचिव सुधाकर यादव ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि बड़ी संख्या में हुई जनहानि के लिए सरकार जिम्मेदार है. अपनी विफलता छुपाने के लिए प्रशासन मौतों के बारे में सही जानकारी देने से बच रही है. योगी-मोदी सरकार का ध्यान महाकुंभ आयोजन का श्रेय लूटने पर ज्यादा और संगम नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुचारू व्यवस्था देने पर कम है. सरकार राजनीतिक फायदा लेने के फेर में तीर्थयात्रियों की जान से खेल रही है. पूरा सरकारी अमला वीआईपी प्रबंधन में ज्यादा, भीड़ प्रबंधन में कम लगा है. आम आदमी की सरकार को परवाह नहीं है.
राज्य सचिव ने कहा कि महाकुंभ में सिलिंडर ब्लास्ट अग्निकांड के बाद यह दूसरी बड़ी विफलता है. सरकार ने महाकुंभ में कैबिनेट बैठक, वीआईपी डुबकी, देशभर में निमंत्रण बांटने जैसे ‘शो’ किये, लेकिन ‘ग्राउंड जीरो’ पर उचित व्यवस्था देने में फिस्सडी साबित हुई है. घटनास्थल के वीडियो रूह कंपाने वाले हैं. मुख्यमंत्री को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए.
माले नेता ने घायलों के समुचित इलाज, घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *