सावधान ! ई केवाईसी नहीं कराई तो बंद हो सकता है राशन

धांधली रोकने के लिए जरूरी, मृत सदस्यों का हटेगा नाम
चंदौली। अगर आपने अपने राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी (e-KYC) अभी तक नहीं कराई है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. सरकार ने साफ निर्देश जारी किया है कि जिन राशन कार्ड धारकों के परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई होगी, उन्हें मार्च से राशन नहीं मिलेगा.
इतना ही नहीं, जिन सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं हुई होगी, उनके नाम राशन कार्ड से हटा दिए जाएंगे. राशन वितरण में धांधली रोकने और अपात्र लाभार्थियों को हटाने के लिए सरकार ने जून 2023 से ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी थी. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि मृत व्यक्तियों के नाम पर राशन न लिया जाए और फर्जी सदस्यों को हटाया जा सके.
इसके लिए कोटेदारों के जरिए घर-घर जाकर भी ई-केवाईसी करवाई गई, लेकिन अभी भी कई लोग इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाए हैं. जनपद के सभी ब्लॉको के सभी गांव के अधिकांश सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, हालांकि, अभी भी गावों में बहुत से सदस्य ऐसे हैं, जिनकी ई-केवाईसी बाकी है.
समस्या कहां अटकी है ?
13 फरवरी से ई-केवाईसी पोर्टल बंद पड़ा है, जिससे बाकी बचे सदस्यों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है. सरकार से निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अगर पोर्टल दोबारा नहीं खोला गया, तो इन सदस्यों को मार्च से राशन मिलना बंद हो जाएगा.
लोगों को कितने मौके दिए गए ?
पिछले आठ महीनों में दो बार अंतिम तारीख बढ़ाई गई, लेकिन फिर भी 100% लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया. राशन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को बार-बार मौका दिया गया, लेकिन अब सख्ती जरूरी है.
क्या करें राशन कार्ड धारक ?
अगर आपने अभी तक अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं कराई है, तो जल्द ही नजदीकी राशन दुकान या जन सेवा केंद्र से संपर्क करें. अन्यथा, मार्च से राशन मिलना बंद हो सकता है.