रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक स्वास्थ्य शिविर, 240 से अधिक लाभान्वित
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित शिविर में 240 से अधिक श्रमिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किया गया। साथ ही श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और श्रम कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित प्रशासनिक भवन में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 240 से अधिक श्रमिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। साथ ही श्रमिकों और नियोजकों को ई-श्रम पोर्टल, नए श्रम कोड बिल और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की जानकारी दी गई।

शिविर का उद्घाटन रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण पहल हैं। प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण, बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग की विशेष चिकित्सकीय टीम ने विभिन्न कारखानों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार श्रमिकों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों और नियोजकों को श्रम कानूनों से जुड़े नए प्रावधानों, ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने श्रमिकों को उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी (पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर) पंकज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक (कारखाना), वाराणसी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नवदीप श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश, स्वास्थ्य विभाग की टीम, औद्योगिक क्षेत्र के सेवायोजक, ‘मानव संसाधन एवं महिला कल्याण’ संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।