सीओ ने चौकीदारों को बांटी टॉर्च, सकलडीहा थाने में फरियादियों की सुनवाई से रात्रि गश्त तक की परखी व्यवस्था
थाने की कार्यप्रणाली से लेकर गांवों की सुरक्षा तक सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने हर व्यवस्था को परखा। चौकीदारों को टॉर्च वितरण के साथ रात्रि गश्त और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देकर उन्होंने पुलिस की जवाबदेही और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

सकलडीहा, चंदौली। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी करने के उद्देश्य से बुधवार को क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने स्थानीय थाने का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, बैरक और शस्त्रागार का बारीकी से जायजा लिया। अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति परखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने फरियादियों की सुनवाई को लेकर विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या संवेदनशीलता से सुनी जाए और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने और पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
तकनीकी व्यवस्था और अनुशासन पर जोर
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने सीसीटीएनएस, साइबर सेल और अन्य ऑनलाइन अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया। थाना परिसर, बैरक और शस्त्रागार की साफ-सफाई के साथ सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी।
रात्रि गश्त में सतर्कता, चौकीदारों को टॉर्च वितरण
ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम चौकीदारों को टॉर्च वितरित की गई। सीओ ने रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। उन्होंने चौकीदारों को भी गांवों में संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
सीओ ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, फरियादियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी, मुस्तैदी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।