सकलडीहा में छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, गोताखोरों और नाविकों के साथ बनाई सुरक्षा रणनीति
लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से मोर्चा संभाल लिया है। गोताखोरों और नाविकों को अलर्ट कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की तैयारी की गई है।

सकलडीहा, चंदौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा और थाना प्रभारी की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जल में बचाव व्यवस्था और संभावित दुर्घटनाओं से निपटने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में गोताखोरों और नाविकों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्हें शासन की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नावों पर क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को किसी भी स्थिति में न बैठाएं। प्रत्येक नाव पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वॉय (ट्यूब) और पतवार की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। नशे की हालत में नाव संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके साथ ही चिन्हित गहरे जल क्षेत्रों और बैरिकेडिंग के बाहर नाव ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्थानीय गोताखोरों एवं तैराकों को प्रमुख घाटों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य के लिए तैयार रहने को कहा गया।

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए जल पुलिस और स्थानीय पुलिस बल के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा लापरवाही करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नाविकों, गोताखोरों और स्थानीय लोगों से अपील की कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और आपसी सहयोग से छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
बैठक में उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद, स्थानीय गोताखोर, नाविक एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।